
औद्योगिक थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना पर कार्रवाई, अवैध हथियार नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की साजिश का खुलासा करते हुए एक युवक और तीन नाबालिग लड़कों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हथियार कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि चुरामनपुर के पास आरा-बक्सर फोरलेन से कुछ दूरी उत्तर दिशा में स्थित एक पेड़ के नीचे कुछ लोग हथियारों की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष मधुबाला भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से चार लोगों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में अहिरौली निवासी अजीत यादव शामिल है, जबकि बाकी तीन आरोपी नाबालिग हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजीत यादव ने नाबालिगों को बेचने के उद्देश्य से यह पिस्टल उपलब्ध कराई थी।
प्रभारी थानाध्यक्ष मधुबाला भारती ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद हथियार को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से आया और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय तो नहीं है।
सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है। कोर्ट के निर्देशानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।